प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 11 जनवरी 2026
दूषित पेयजल से 21 मौतें—इंदौर में कांग्रेस की “न्याय यात्रा” में उमड़ा जनसैलाब
दोषियों पर कार्रवाई और शुद्ध पेयजल के अधिकार की मांग
भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण हुई 21 निर्दोष नागरिकों की मौत और हजारों लोगों के बीमार होने की हृदयविदारक घटना के विरोध में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर इंदौर में ऐतिहासिक “न्याय यात्रा” निकाली गई।
यह यात्रा बड़ा गणपति चौराहे से प्रारंभ होकर राजबाड़ा चौक स्थित माँ अहिल्या बाई की प्रतिमा तक पहुंची।
इस न्याय यात्रा में महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की भारी सहभागिता देखने को मिली। हाथों में तख्तियां लिए हुए आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासनिक लापरवाही और भाजपा सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। नागरिकों ने प्रदेश सरकार के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे और इंदौर के महापौर पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
न्याय यात्रा में मध्यप्रदेश प्रभारी श्री हरीश चौधर,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह,राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी श्रीमती उषा नायडू,संजय दत्त,, पूर्व सांसद श्री मति मीनाक्षी नटराजन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय राहुल सिंह,राज्य सभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल,पूर्व मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, विधायक फुल सिंह बरैया,विधायक हनी बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति,विधायक मोंटू सोलंकी, पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमती विजय लक्ष्मी साधो, प्रताप सिंह ग्रेवाल, विधायक पंकज उपाध्याय, सत्यनारायण पटेल, पूर्व मंत्री सचिन यादव, पूर्व मंत्री रवि जोशी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घंगोरिया, निलय डागा, जिला अध्यक्ष श्रीमति प्रतिभा रघुवंशी, इंदौर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री विपिन वानखेड़े, इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री चिंटू चौकसे सहित समस्त विधायकगण, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्री हरीश चौधरी
(मध्यप्रदेश प्रभारी, कांग्रेस)
“एक इंसान को जीने के लिए दो सबसे बुनियादी चीज़ें चाहिए—शुद्ध हवा और साफ पानी। दुर्भाग्य की बात है कि भाजपा सरकार मध्यप्रदेश की जनता को ये दोनों ही उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है।
भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 21 निर्दोष नागरिकों की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और सरकार की संवेदनहीनता का परिणाम है। इस जनहत्या का हिसाब लिया जाएगा।
यह लड़ाई सिर्फ इंदौर की नहीं है, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की जनता को न्याय दिलाने की लड़ाई है। कांग्रेस तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक दोषियों को सजा और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल जाता।”
श्री जीतू पटवारी
(प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष)
“पूरे देश में इंदौर को स्वच्छता के लिए जाना जाता है, लेकिन यह भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विफलता है कि वह इंदौर की जनता को शुद्ध पेयजल तक नहीं दे सकी।
प्रदेश में 22 वर्षों से भाजपा की सरकार है, 25 वर्षों से नगर निगम पर भाजपा का कब्जा है और 35 वर्षों से सांसद भाजपा के हैं—फिर भी 21 लोग जहरीला पानी पीकर मर जाते हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, इंदौर के इन 21 निर्दोष नागरिकों की मौत के गुनहगारों को सज़ा दीजिए। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और महापौर पर तत्काल एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
कांग्रेस आज यह संकल्प लेती है कि इंदौर और मध्यप्रदेश की जनता को शुद्ध पेयजल का मौलिक अधिकार दिलाकर रहेगी। हम वॉटर ऑडिट को जन आंदोलन बनाएंगे और भविष्य का इंदौर तय करेंगे।”
श्री उमंग सिंघार
(नेता प्रतिपक्ष, मध्यप्रदेश विधानसभा)
“मैं भाजपा से सीधा सवाल पूछना चाहता हूं—भागीरथपुरा में जिन 21 लोगों की मौत हुई, क्या वे हिंदू नहीं थे?
अस्पतालों में दूषित पानी से बीमार पड़े हजारों लोग क्या इस प्रदेश के नागरिक नहीं हैं?
भाजपा बांग्लादेश के हिंदुओं की बात करती है, लेकिन अपने ही प्रदेश के हिंदुओं की ज़िंदगी से खिलवाड़ क्यों कर रही है?
इंदौर की जनता दूषित पानी, खराब सड़कों और अव्यवस्थित यातायात के कारण नरक भोग रही है। लोग किडनी, कैंसर और गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
मेरी जनता से अपील है—अपने घर के पानी का वॉटर ऑडिट कराएं और जब तक शुद्ध पेयजल सुनिश्चित नहीं होता, तब तक टैक्स न दें। धर्म नहीं, जीवन और जवाबदेही सबसे पहले।”
श्री दिग्विजय सिंह
(पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद)
“यह भाजपा सरकार का दुर्भाग्य है कि एक तरफ इंदौर में जहरीला पानी पीने से लोग मर रहे हैं और दूसरी तरफ सरकार के मंत्री उत्सवों और भोजनों में व्यस्त हैं।
यह लड़ाई केवल इंदौर की नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की है। कांग्रेस घर-घर जाकर यह जांच करेगी कि जनता को शुद्ध पेयजल मिल रहा है या नहीं।
शुद्ध पानी जनता का मौलिक अधिकार है और हम इंदौर की जनता को यह अधिकार दिलाकर रहेंगे।”
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा
“भागीरथपुरा की घटना ने भाजपा सरकार की असलियत उजागर कर दी है। कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ उन 21 मृतकों को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि दोषियों को सज़ा दिलाने का संकल्प है।
जब तक जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के ठोस उपाय नहीं किए जाते—कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।”
सादर प्रकाशनार्थ
मीडिया विभाग
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी