माँ नर्मदा को माँ मानते है, तो अपने पुत्र धर्म को पूरा करिए- मंत्री : मंत्री प्रहलाद पटेल ने बरमान मेले का शुभारंभ किया
Vinod Chouksey
Mon, Jan 12, 2026
माँ नर्मदा को माँ मानते है, तो अपने पुत्र धर्म को पूरा करिए- मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल
मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया बरमान मेले का शुभारंभ
==========
बरमान मेले में ऐसी स्वच्छता मैंने पहली बार देखी है। बरमान में स्वच्छता मैराथन दौड़ में बरमान के युवाओं ने स्वच्छता के लिए दौड़ प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसे मैं बड़ी सफलता मानता हूं। आज बरमान मेले के शुभारंभ का दिन है, जो आनंद का अवसर है। साथ ही आज युवा दिवस भी है, जो स्वामी विवेकानंद को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि हमें धर्म के मर्म को जानना होगा। धर्म तब पूरा होगा, जब धर्म का धारण करने वाला व्यक्ति सामर्थ्यवान होगा। पहले मेले के दौरान मेल-मिलाप और अपनी पंरपराओं से रूबरू होते थे। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारा प्रयास हो कि मेला बिना किसी व्यवधान के पूर्ण और भव्य हो। उक्ताशय के विचार प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मकर संक्रांति पर्व पर लगने वाले ऐतिहासिक बरमान मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में व्यक्त किए। मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने मां नर्मदा जी की पूजन- अर्चन, आरती कर बरमान मेले का शुभारंभ सोमवार को किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने मां नर्मदा को स्वच्छ बनाए रखने की बात करते हुए कहा कि माँ नर्मदा को माँ मानते है, तो अपने पुत्र धर्म को पूरा करिए। यदि हम पुत्र धर्म को पूरा करेंगे तो शायद इस मेले की महिमा को और ऊंचाईयों तक ले जा पाएंगे। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी में स्वच्छता बनाए रखना हमारा सामाजिक सरोकार हो। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी की श्रृंगार करना है, तो उसका श्रृंगार सिर्फ वृक्ष है। हम सभी को पौधरोपण करने का संकल्प लेना चाहिए।
विधायक श्री विश्वनाथ सिंह ने कहा कि बरमान मेला वर्षों से हमारी लोक संस्कृति की पहचान रहा है। यहाँ नर्मदा मैया की कृपा से श्रद्धा, भक्ति, व्यापार और मेल–मिलाप एक साथ देखने को मिलता है। यह मेला हमारी पीढ़ियों को और हमारी परंपराओं से जोड़ता है और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि मां नर्मदा जी को स्वच्छ और अविरल बनाए रखें, उसकी पवित्रता का सम्मान करें और आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मेले का आनंद लें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, विधायक तेंदूखेड़ा श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी संघ व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, श्री रामसनेही पाठक, पूर्व विधायक श्री भैयाराम पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, जनपद पंचायत चांवरपाठा अध्यक्ष श्री सोबरन सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
#Narsinghpur
Tags :
मेला का आयोजन प्रारंभ।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन